लखनऊ के सैरपुर में 22 वर्षीय आबीद अली ने सोमवार देर रात स्टोर रूम में फंदे से लटककर जान दे दी।
लखनऊ। छठा मील में सोमवार देर रात 22 वर्षीय आबीद अली ने फंदे से लटककर जान देदी। घटना के समय उसके कान में ईयरफोन लगा था और मोबाइल पास मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आत्महत्या से पहले किसी से बातचीत कर रहा था। फिलहाल पुलिस फोन कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मृतक के बड़े भाई फिरदौस ने बताया कि उनके पिता नासिर अली फर्नीचर के ठेकेदार हैं। सोमवार को माता-पिता रिश्तेदारी में बलरामपुर गए हुए थे। घर में फिरदौस, उसकी पत्नी, छोटा भाई आबीद और दो बहनें मौजूद थीं। रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए।
रात करीब दो बजे फिरदौस की पत्नी नाहिदा और बहन फातिमा की नींद खुली तो आबीद कमरे में नहीं मिला। इस पर उन्होंने फिरदौस को जगाया। तलाश के दौरान जब स्टोर रूम से कोई जवाब नहीं मिला तो फिरदौस छत पर गया और जाल से झांककर देखा।
फंदे से लटका था शव
अंदर आबीद का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख वह चीख पड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसियों की मदद से स्टोर रूम का दरवाजा तोड़ा। अंदर आबीद दुपट्टे के सहारे छत के छल्ले से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी।
मौके से युवक का मोबाइल फोन बरामद हुआ है और उसके कान में ईयरफोन लगा था। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आत्महत्या के समय वह किसी से फोन पर बात कर रहा था। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर सैरपुर मनोज कुमार कोरी ने बताया कि मोबाइल की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





