देश के बारह राज्यों में चल रही एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के तहत मंगलवार को नई मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कस्बे के रहमानिया इंटर कॉलेज में उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह ने फीता काटकर मतदाता पंजीकरण कक्ष का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के बाद उपजिलाधिकारी ने नए एवं पुराने मतदाताओं को संबोधित करते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और सत्यापन की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कॉलेज परिसर में बनाए गए बी.एल.ओ. डेस्क का निरीक्षण भी किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. रजिया सुल्ताना सहित विद्यालय का स्टाफ, कस्बे के सभी बूथों के बी.एल.ओ., मौदहा लेखपाल अवनीस रागौल, लेखपाल अमरीस तथा बड़ी संख्या में नए व पुराने मतदाता मौजूद रहे।
उपजिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपने नाम की जांच कर समय रहते आवश्यक सुधार कराने की अपील की।





