महराजगंज। जनपद के ग्राम रोजगार सेवकों को पिछले आठ महीनों से मानदेय न मिलने से उनमें गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ, जनपद इकाई महराजगंज के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन को संबोधित ज्ञापन सौंपकर शीघ्र मानदेय भुगतान की मांग की।
संघ के जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि अगस्त 2025 से अब तक ग्राम रोजगार सेवकों को मानदेय नहीं मिला है। जबकि वे मनरेगा के साथ-साथ एसआईआर 2025-26, बीएलओ कार्य, फार्मर रजिस्ट्रेशन, एग्री स्टैक सर्वे सहित सरकार की कई योजनाओं का कार्य ग्राम स्तर पर कर रहे हैं। लंबे समय से मानदेय न मिलने के कारण रोजगार सेवकों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है और परिवार का भरण-पोषण करना भी कठिन हो रहा है।
संघ ने चार प्रमुख मांगें रखीं—पहली, आठ माह का बकाया मानदेय जल्द भुगतान किया जाए। दूसरी, कार्यभार और महंगाई को देखते हुए मानदेय बढ़ाकर 35 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। तीसरी, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए अलग से वित्तीय बजट की व्यवस्था की जाए।
ज्ञापन सौंपते समय धर्मेंद्र पासवान, राजेश, रामकेश्वर रैना, बाबूराम, धनराज, विनोद कुमार वर्मा, सर्वेश मद्धेशिया, सुशील कुमार, मनोज कुमार गौतम, जोखन, विशाल गुप्ता, मोहनलाल, ओमप्रकाश आर्य, रामआशिष, शैलैश कुमार, मुराली, चंद्रिका, अम्बिका, प्रवीण मणि त्रिपाठी, अनिल यादव सहित सैकड़ों ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।





