Monday, May 18, 2026
spot_img
HomeLucknowUP में कल से पांच दिन तक भीषण लू को लेकर हाई...

UP में कल से पांच दिन तक भीषण लू को लेकर हाई अलर्ट, दिन ही नहीं रात का तापमान भी रहेगा सामान्य से अधिक

Severe HeatWave Alert: मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार से 23 मई तक गर्मी अपने प्रचंड रूप में रहेगी। भारतीय मौसम विभाग ने इसको लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है।

आईएमडी (IMD) ने 19 मई से लेकर 23 मई तक प्रदेश के एक बड़े हिस्से में ‘उष्ण लहर’ से ‘भयंकर उष्ण लहर’ यानी सीवियर हीटवेव की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार सूरज की तपिश और गर्म हवाओं का सितम जारी रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्से भी इसकी चपेट में रहेंगे।

इस दौरान न सिर्फ दिन का बल्कि रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे रात में भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने के लिए कहा है।

प्रदेश के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होती जा रही है। पारा सोमवार से लगातार बढ़ेगा और कुछ जिलों में यह 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है। एक बार फिर से भीषण लू चलने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने इसको लेकर प्रदेश के दक्षिणी भाग के कुछ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल प्रभावी मौसम तंत्र नहीं है। ऐसे में आगामी चार से पांच दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा।

इसके साथ तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होगी। प्रदेश के दक्षिणी भाग से लू का एक और दौर आरंभ होगा। प्रदेश में 19 से 23 मई के बीच कुछ स्थानों पर भीषण लू चलेगी। दक्षिणी हिस्से में कहीं-कहीं भीषण लू चलने की संभावना है। इसके बाद तापमान में आंशिक कमी आएगी।

यहां भयंकर लू

बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के जिलों में।

रविवार को पूरे देश में सबसे अधिक तपा बांदा

बांदा का तापमान 46.4 डिग्री प्रदेश और देश में अधिकतम तापमान के मामले में बांदा शीर्ष पर रहा। वहां रविवार को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। महाराष्ट्र का अकोला दूसरे नंबर पर रहा। वहां का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मानसून के 26 को केरलम आने की संभावना

दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गत 16 मई को दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के कई हिस्सों, संपूर्ण निकोबार द्वीप समूह और श्रीजयपुरम सहित अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में प्रवेश किया। दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरलम आने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular