आठ दिनों से सड़क पर पड़ा था शीशम का तना, बाइक टकराने से हुआ दर्दनाक हादसा
फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के असोथर मार्ग पर बरैची गांव के समीप सड़क पर कई दिनों से पड़े शीशम के पेड़ के तने से बाइक टकराने के कारण दो सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग की कथित लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
जानकारी के अनुसार, करीब एक सप्ताह पूर्व आए तेज तूफान में शीशम का पेड़ सड़क पर गिर गया था। आरोप है कि वन विभाग ने पेड़ का तना हटाने के बजाय उसे सड़क पर ही छोड़ दिया, जिससे वह लगभग आठ दिनों तक मार्ग पर पड़ा रहा।
शनिवार शाम बहियापुर मजरे रायपुर भसरौल निवासी सुरेंद्र निर्मल, जो मुंबई से अपने गांव लौट रहे थे, उन्हें लेने उनके छोटे भाई छोटू निर्मल बाइक से विजयीपुर गए थे। दोनों भाई जब वापस गांव लौट रहे थे, तभी बरैची गांव के पास सड़क पर पड़े पेड़ के तने से उनकी बाइक टकरा गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदों पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र निर्मल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल छोटे भाई छोटू निर्मल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। दोनों भाइयों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद वन विभाग ने सड़क पर पड़े पेड़ के तने को हटवा दिया। इस संबंध में विजयीपुर चौकी प्रभारी अखिलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





