नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बहुचर्चित मामले की जांच संभालते ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बहुचर्चित मामले की जांच संभालते ही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मध्य प्रदेश पुलिस की एसआईटी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।
मंगलवार को सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और पहले ही दिन एसआईटी द्वारा सौंपी गई आधी-अधूरी और अव्यवस्थित केस डायरी देखकर सीबीआई अधिकारी बेहद नाराज हुए।
एसआईटी सदस्यों को जमकर फटकार लगाई
सूत्रों के मुताबिक, केस डायरी में घटनाक्रम क्रमवार दर्ज नहीं था, दस्तावेज बेतरतीब तरीके से लगाए गए और कई महत्वपूर्ण बिंदुओं का स्पष्ट उल्लेख भी नहीं किया गया। इस पर सीबीआई अधिकारियों ने मौके पर मौजूद एसआईटी सदस्यों को जमकर फटकार लगाई। बाद में एसआईटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप संशोधित केस डायरी और जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचे।
जांच की कड़ी में मंगलवार सुबह सीबीआई टीम सबसे पहले उस बंगले पर पहुंची, जहां त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। टीम ने कमरे, आसपास के हिस्सों और घटनास्थल से जुड़े हर पहलू का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों को समझने के साथ वहां मौजूद भौतिक साक्ष्यों का भी परीक्षण किया। माना जा रहा है कि एजेंसी कई पुराने साक्ष्यों की दोबारा फारेंसिक जांच करा सकती है।
गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की
जांच के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से भी पूछताछ की। उनसे कई सवाल किए और उनके जवाब लिए।
शादी के बाद से ही त्विषा मानसिक तनाव में थी
सूत्रों के अनुसार, उनसे परिवार के माहौल, त्विषा एवं समर्थ सिंह के वैवाहिक संबंधों और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर सवाल किए गए। इसके बाद सीबीआई टीम लालघाटी स्थित थ्रीईएमइ सेंटर पहुंची, जहां त्विषा के माता-पिता और अन्य स्वजन ठहरे हुए हैं।
उन्होंने सीबीआई को बताया कि शादी के बाद से ही त्विषा मानसिक तनाव में थी। स्वजन ने चैट, फोन काल और आखिरी बातचीत से जुड़ी जानकारियां एजेंसी को बताईं। सीबीआई ने डिजिटल साक्ष्यों, काल रिकार्ड और मोबाइल डेटा को भी जांच के दायरे में लिया है।
समर्थ सिंह को रिमांड पर लेगी सीबीआई
दिनभर की कार्रवाई के बाद सीबीआइ अधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर अब तक की पुलिस जांच और कार्रवाई की जानकारी ली। देर रात एसआइटी ने केस डायरी सीबीआइ टीम को सौंपी।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दस्तावेज और अन्य जब्त सामग्री भी सीबीआई को सौंप दिए गए। एजेंसी बुधवार को आरोपित समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की तैयारी में है।





