लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए राज्य सरकार ने 14 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 की रात जारी तबादला सूची में अपर जिलाधिकारी (ADM), उपजिलाधिकारी (SDM) और नगर निगम में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तीन अधिकारियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी (OSD) के रूप में तैनात किया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई जिलों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। झांसी, आजमगढ़, रायबरेली, गोंडा, सिद्धार्थनगर, इटावा, कानपुर देहात और सहारनपुर समेत विभिन्न स्थानों पर तैनाती बदली गई है। वहीं, लखनऊ और प्रयागराज नगर निगम में तैनात कुछ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
निर्वाचन कार्यालय में तीन PCS अधिकारियों की तैनाती
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में तीन PCS अधिकारियों को विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। इनमें झांसी के एडीएम (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ला, सिद्धार्थनगर के एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव और लखनऊ नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव शामिल हैं।





