ट्रंप प्रशासन पर मंडरा रहा रेडियोधर्मी हमले का खतरा

0
117

वॉशिंगटन। अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाने की कथित साजिश ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संभावित ‘डर्टी बम’ हमले से जुड़े इनपुट मिलने का दावा किया गया है। इस जानकारी के सामने आने के बाद व्हाइट हाउस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, खुफिया अधिकारियों को ऐसी जानकारी मिली है कि ईरान अमेरिकी अधिकारियों और महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने के संभावित विकल्पों पर विचार कर सकता है। इसमें रेडियोधर्मी सामग्री से तैयार किए जाने वाले ‘डर्टी बम’ के इस्तेमाल की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इस कथित योजना की वास्तविकता और इसे अंजाम देने की क्षमता को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।

क्या होता है डर्टी बम?

डर्टी बम ऐसा विस्फोटक उपकरण होता है, जिसमें पारंपरिक विस्फोटक के साथ रेडियोधर्मी पदार्थ का इस्तेमाल किया जाता है। इसका उद्देश्य बड़े इलाके में रेडियोधर्मी प्रदूषण फैलाकर दहशत और अफरा-तफरी पैदा करना हो सकता है। यह परमाणु बम से अलग होता है और इसमें परमाणु विस्फोट नहीं होता।

व्हाइट हाउस ने बढ़ाई निगरानी

खतरे से जुड़ी जानकारी मिलने के बाद अमेरिकी प्रशासन संभावित सुरक्षा चुनौतियों पर नजर बनाए हुए है। व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया है कि सभी संभावित खतरों को गंभीरता से लिया जा रहा है। हालांकि, फिलहाल किसी विश्वसनीय और तत्काल खतरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दूसरी ओर, ईरान ने रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह केवल खुफिया एजेंसियों का एहतियाती अलर्ट है या वास्तव में अमेरिका के खिलाफ किसी बड़े हमले की तैयारी चल रही है। फिलहाल अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here