योजना का लगभग ₹3,000 वार्षिक प्रीमियम प्रदेश सरकार स्वयं वहन करेगी
इटावा। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्त्रोत राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग डी0बी0टी कैशलेस जागरूकता एवं डी0बी0टी वेरिफिकेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।मुख्यमंत्री द्वारा संबोधित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण प्रेरणा सभागार में उपस्थित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों,शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार
शिक्षकों,शिक्षामित्रों,रसोइयों,अनुदेशकों एवं अन्य संविदा कर्मियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है।उन्होंने कहा कि जो शिक्षक बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में बच्चों का भविष्य संवार रहे हैं,वे समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।ऐसे सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को वे हृदय से बधाई देते हैं।
मंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹ 5 लाख तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।योजना का लगभग ₹3,000 वार्षिक प्रीमियम प्रदेश सरकार स्वयं वहन करेगी,जिससे शिक्षामित्रों,रसोइयों एवं अन्य संविदा कर्मियों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षकों,संविदा कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुरक्षा की घोषणा अत्यंत सराहनीय है।यह वर्ग देश के विकास की पहली सीढ़ी है और इन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना सरकार का दूरदर्शी एवं सम्मानजनक निर्णय है।
जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मचारियों को प्रतिवर्ष ₹ 5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक के मध्य हुए समझौते के तहत कार्मिकों को एसबीआई में वेतन खाता खोलना होगा,जिसके माध्यम से उन्हें ₹ 1 करोड़ तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा कवर भी उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री एवं माननीय सदर विधायक ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।उक्त कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष भाजपा अन्नू गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य सचिन यादव, महामंत्री भाजपा सतेंद्र राजपूत,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.राजेश कुमार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे।





