82 ग्राम पंचायतों में वर्तमान प्रधान ही प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी
मिठौरा (महराजगंज)। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वर्तमान ग्राम प्रधानों को ही प्रशासक बनाए जाने के शासन के फैसले पर क्षेत्र के प्रधानों ने खुशी जताई। मंगलवार को ब्लॉक मिठौरा परिसर में प्रधानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर एवं मिठाई बांटकर प्रसन्नता व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में गठित ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई 2026 की मध्यरात्रि को समाप्त हो रहा है। पंचायत चुनाव संपन्न न होने की स्थिति में शासन स्तर से निर्देश जारी कर वर्तमान ग्राम प्रधानों को नई ग्राम पंचायतों के गठन तक प्रशासक के रूप में कार्य करने की अनुमति दी गई है। इसके तहत मिठौरा ब्लॉक की 82 ग्राम पंचायतों में वर्तमान प्रधान ही प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हालांकि शासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रशासक के रूप में कार्य कर रहे प्रधान किसी प्रकार का नीतिगत निर्णय नहीं ले सकेंगे। वे केवल नियमित एवं आवश्यक कार्यों का संचालन करेंगे। विशेष परिस्थितियों में किसी नीतिगत प्रस्ताव को जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद ही लागू किया जा सकेगा।
प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने शासन के इस निर्णय को ग्रामीण विकास और पंचायत व्यवस्था की निरंतरता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अनिल जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष प्रतिनिधि रघुनाथ पटेल, विजय शर्मा, नागेंद्र शर्मा, उदयभान, श्यामा नंद मौर्य, बृहस्पति यादव, शेषमणि कन्नौजिया, अनुप पटेल, मुनि पटेल, मनोज पटेल, नागेंद्र दास, अनिल मद्धेशिया, पिंटू निगम, केशव यादव, मदन मोहन सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।





