महोबा। थाना अजनर क्षेत्र के गांव सेलापुरवा स्थित राम जानकी मंदिर में अज्ञात चोरो ने भगवान राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियों को चोरी कर भाग गए। पुजारी जब पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचा तो मूतियां गायब मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटन स्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मंदिर में हुई चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने घटना का खुलासा किए जाने की मांग की है।
पुजारी रमेश ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शनिवार को आरती और पूजा पाठ करने के लिए मंदिर गया था। जैसे ही मंदिर के गर्भगृह पहुंचा तो श्रीराम, लक्ष्मण और सीता जी की मूर्ति अपने स्थान पर नहीं मिली। मूर्ति न मिलने पर वह चीख चिल्लाने लगा। शोर शराबा सुन आसपास के ग्रामीण मंदिर पहुंचे और पुजारी के साथ मिलकर मूर्तियों की आसपास काफी खोज बीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुभाषचन्द्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ करने में जुटी हुई है। पुजारी ने बताया कि मंदिर का निर्माण वर्ष 2009 में हुआ था और वर्ष 2011 में मूर्तियों की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की गई थी, जिसमें मूर्ति की दक्षिणा 95000 लगी थी। ग्रामीणों ने शीघ्र खुलासे की मांग करते हुए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की है। उधर थानाध्यक्ष का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





