चन्दौली। भारत दुनिया का सबसे युवा देशों में से एक है। हमारे युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार की सोच ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार के अवसर और सही मार्गदर्शन मिले, तो भारत विश्व में नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर सकता है । उक्त बातें एनडीएमसी कंवेंशन सेंटर कनॉट प्लेस नई दिल्ली में आयोजित छात्र संसद में सशक्त युवा , समर्थ भारत विषय पर आयोजित सेमिनार में बतौर मुख्य अतिथि भदोही सांसद डॉ विनोद बिंद ने कही। उन्होंने कहा कि युवा केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज के भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्र प्रथम की भावना, नैतिक नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तृत चर्चा की। कहा कि जब युवा जागरूक, संस्कारित, आत्मविश्वासी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित होंगे, तभी “सशक्त युवा, समर्थ भारत” का संकल्प साकार होगा।
युवा जागेगा, तो भारत आगे बढ़ेगा; युवा नेतृत्व करेगा, तो भारत विश्व का नेतृत्व करेगा। सांसद डॉ विनोद बिंद ने कहा कि आज सरकार कौशल विकास, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी अनेक योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। हमें इन अवसरों का लाभ उठाते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी युवाओं से आग्रह किया कि वे अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ें। यही युवा शक्ति भारत को एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र बनाएगी। कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के प्रति नई चेतना का संचार करते हैं। इस गरिमामयी आयोजन के लिए आयोजकों, शिक्षकों एवं सभी विद्यार्थियों का हृदय से आभार प्रकट किया ।





