महराजगंज। विकासखंड सिसवा अंतर्गत ग्राम जगन्नाथपुर निवासी सोनी पत्नी अंगद ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी महराजगंज को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्राम प्रधान द्वारा फर्जी हस्ताक्षर और नोटरी बयान हाफ़ी तैयार कर सामुदायिक शौचालय समूह के वेतन से संबंधित राशि का गबन किया गया है। सोनी का आरोप है कि समूह के कुल 40 माह के वेतन में से उन्हें केवल 8 माह का ही भुगतान किया गया, जबकि शेष 32 माह का वेतन प्रधान और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से निकाल लिया गया।
उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों ने जांच में लीपापोती कर फर्जी रिपोर्ट लगा दी। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की पुनः निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा बकाया 32 माह का वेतन दिलाया जाए। इस दौरान दुर्गावती, मंजू, उर्मिला, किरण, निर्मला, सरोज सहित कई समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।





