Thursday, May 9, 2024
spot_img
HomeUttar Pradeshbandaदीये की रौशनी से जगमग हुआ जहां, जमकर हुई आतिशबाजी

दीये की रौशनी से जगमग हुआ जहां, जमकर हुई आतिशबाजी

अवधनामा संवाददाता

शहर की इमारतों में जगमगाती नजर आई विद्युत झालरें
पटाखा बाजार में देर रात तक होती रही जमकर खरीददारी

बांदा। दीपोत्सव पर्व के मौके पर रविवार को निर्धारित मुहूर्त पर लोगों ने माता लक्ष्मी और गणेश भगवान की पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना के बाद दीये जलाकर घर के चारों कोनों में रखे गए। घर-घर दीये जलाए गए इससे सारा जहां जगमग हो गया। इसके बाद आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ। आतिशबाजी के दौरान आसमान में सतरंगी छटा नजर आई। देर रात तक आतिशबाजी का दौर चलता रहा। इधर, पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से गश्त करती नजर आई।
एक पखवारे पूर्व से ही लोगों ने दीपावली पर्व की तैयारियां शुरू कर दी थीं। धनतेरस के बाद दीवाली पर्व की खुशी लोगों के सिर चढ़कर बोल रही थी। रविवार को दीपावली पर्व की शाम को घर में माता लक्ष्मी और गणेश की पूजा अर्चना की गई। बुजुर्गों का कहना है कि माता लक्ष्मी और गणेश की पूजा अर्चना करने से घर में सुख समृद्धि और धन्य धान्य की वृद्धि होती है। रविवार शाम को लोगों ने अपने घरों में विधिवत पूजा अर्चना की। इसके बाद मिष्ठान का वितरण किया और लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद आतिशबाजी का सिलसिला शुरू हुआ। आतिशबाजी के दौरान शहर के चारों कोनों से धूमधड़ाके की आवाजें आती रहीं। आसमान पर सतरंगी छटा नजर आई। इधर, शहर के विभिन्न इलाकों मेें जमकर आतिशबाजी की गई। इसके साथ ही जीआईसी ग्राउंड में सजे पटाखा बाजार में जमकर खरीददारी का दौर चला। दीपावली पर्व के मौके पर जहां लोगों ने घरों को बिजली की झालरों से सजाया था, वहीं सरकारी और गैर सरकारी इमारतें भी विद्युत की झालरों से रौशन रहीं।

धार्मिक स्थलों में हुई भव्य आरती और पूजा
बांदा। शहर के महेश्वरी देवी मंदिर और काली देवी मंदिर के अलावा बामदेवेश्वर पर्वत पर विराजमान भगवान बामदेवेश्वर शिव की विशेष पूजा और आरती का आयोजन किया गया। देवी मंदिरों में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु आरती के दौरान मौजूद रहे। काली देवी मंदिर और महेश्वरी देवी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जगत माता की आरती में प्रतिभाग किया। इसी तरह पर्वत पर विराजमान बामदेवेश्वर शिव की भी विशेष पूजा का आयोजन किया गया।

पटाखा बाजार में तैनात रही दमकल
बांदा। जीआईसी ग्राउंड में सजे पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजामात किए गए थे। वहां पर पूरे समय दमकल की गाड़ियां तैनात रहीं। इसके साथ ही दमकल कर्मी भी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद नजर आए। रविवार की सुबह से ही लोग पटाखा खरीदने के लिए अपने बच्चों को लेकर जीआईसी ग्राउंड में पहुंचे। वहां पर पटाखा, फुलझड़ी समेत अन्य आतिशबाजी का सामान खरीदा गया। पटाखा बाजार में ज्वलनशील कोई भी पदार्थ ले जाने पर रोक लगाई गई थी। दमकल पूरे समय तक तैनात रही।

रूट डायवर्जन से लोगों को जाम से मिली निजात
बांदा। दीपावली पर यातायात व्यवस्था के लिए शहर में रूट डायवर्जन किया गया था। कोई भी भारी वाहन, चार पहिया वाहन तथा ई-रिक्शा मुख्य बाजार महेश्वरी देवी, बलखंडीनाका में 12 नवंबर तक प्रवेश नहीं करेंगे। रेलवे स्टेशन तिराहा की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बांकरगंज चौराहा की तरफ नही जाएंगे। बलखंडीनाका चौकी की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बांकरगंज चौराहा की तरफ नही जाएंगे। कोतवाली मोड़ से महेश्वरी देवी की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बाकरगंज चौराहा की तरफ नही जायेंगे। शंकरगुरु चौराहा से महेश्वरी देवी की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बाकरगंज चौराहा की तरफ नही जायेंगे। गूलरनाका चौराहा से महेश्वरी देवी की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बांकरगंज चौराहा की तरफ नहीं जायेंगे। छावनी चौराहा से बाजार की तरफ से कोई चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा व आटो रिक्शा बाकरगंज चौराहा की तरफ नहीं जाएंगे, ऐसे यातायात पुलिस ने खाका खींचा था। इसके चलते लोगों को जाम से निजात मिली रही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular