काशी से पूरे दिन दर्शन की सुविधा शुरू,श्रद्धालुओं में खुशी की लहर
वाराणसी। बाबा श्री काशी विश्वनाथ की नगरी काशी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने काशीवासियों को बड़ी सौगात देते हुए ‘काशी द्वार’ से पूरे दिन दर्शन की सुविधा शुरू कर दी है। अब स्थानीय श्रद्धालु बिना अनावश्यक प्रतीक्षा के अधिक सुगमता से बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर न्यास के अनुसार, द्वार संख्या 4-बी, जिसे ‘काशी द्वार’ के रूप में विकसित किया गया है, से काशीवासी प्रतिदिन सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक प्रवेश कर सकेंगे।
यानी मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से लेकर बंद होने के 15 मिनट पहले तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि यह व्यवस्था विशेष पर्वों और प्रमुख तिथियों पर लागू नहीं होगी। नई व्यवस्था को काशीवासियों का उत्साहजनक समर्थन भी मिला है। सुविधा के पहले ही दिन 8,688 स्थानीय श्रद्धालुओं ने ‘काशी द्वार’ से बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वहीं दूसरे दिन दोपहर 1:30 बजे तक 5,196 श्रद्धालु इस विशेष सुविधा का लाभ उठा चुके थे।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य काशीवासियों को अधिक सुगम, सुरक्षित और सम्मानजनक दर्शन उपलब्ध कराना है। यह पहल न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देगी, बल्कि विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ धाम की दर्शन व्यवस्था को भी और अधिक व्यवस्थित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाएगी। आस्था की नगरी काशी में अब बाबा के अपनों के लिए दर्शन की राह पहले से कहीं अधिक आसान हो गई है।





