लखनऊ में पहली बार राष्ट्रीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शुरू हो रही है। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य इसका उद्घाटन करेंगी।
लखनऊ। शहर में पहली बार राष्ट्रीय महिला तीरंदाजी प्रतियोगिता का मंच सज चुका है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम में शनिवार सुबह 10 बजे इसका शुभारंभ कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य करेंगी। इस दौरान खेल सचिव सुहास एलवाई एवं उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी भी मौजूद रहेंगे।
अवनीश अवस्थी के अनुसार, इस टूर्नामेंट में देशभर से 350 तीरंदाज पदक के लिए जोर-आजमाइश करेंगे, जबकि यूपी से कुल 44 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पूर्व विश्व चैंपियन और चार बार ओलंपिक खेलने वाली देश की एकमात्र तीरंदाज दीपिका कुमार व्यक्तिगत कारणों से लखनऊ नहीं आ रही हैं। हालांकि, पेरिस पैरालंपिक गेम्स की कांस्य पदक विजेता शीतल देवी, ओलंपियन भजन कौर और अंकिता भगत शुक्रवार को राजधानी पहुंच गईं।
11 लाख रुपये ईनामी राशि होगी दांव पर
यूपी तीरंदाजी संघ के अनुसार, टूर्नामेंट की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। टूर्नामेंट में दुनियाभर में देश का मान बढ़ाने वाली महिला तीरंदाज पदक पर निशाना लगाने उतरेंगी। यह प्रतियोगिता सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग में होगी। उत्तर प्रदेश टीम से गाजियाबाद की साक्षी चौधरी, मथुरा की वरन्या राणा, बिजनौर की निष्ठा गुप्ता और बागपत की मधु वेदवाल निशाना लगाएंगी।
वैसे तो उत्तर प्रदेश में पहले भी तीरंदाजी की प्रतियोगिता हो चुकी है, लेकिन लखनऊ में पहली बार महिला की राष्ट्रीय प्रतियोगिता हो रही है। स्टार खिलाड़ियों के हिस्सा लेने से टूर्नामेंट की लोकप्रियता भी बढ़ी है। अवनीश अवस्थी ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान रिकर्व और कंपाउंड वर्गों में मुकाबले होंगे।
रिकर्व स्पर्धा (दूरी 70 मीटर) ओलंपिक में शामिल है, वहीं कंपाउंड स्पर्धा (दूरी 50 मीटर) को पहली बार लास एंजिल्स में वर्ष 2028 में होने वाले ओलंपिक में शामिल किया गया है। इसको देखते हुए लखनऊ में हो रही यह प्रतियोगिता कई तरह से महत्वपूर्ण है।
केडी सिंह स्टेडियम में बनी क्रिकेट की पिच के एक तरफ रिकर्व और दूसरी तरफ कंपाउंड स्पर्धा के मुकाबले होंगे। दोनों जगह 20 टारगेट लगाए गए हैं। टूर्नामेंट में कुल 11 लाख रुपये ईनामी राशि दांव पर होगी। विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ी को एक लाख रुपये और ट्रॉफी मिलेगी। इसका समापन रविवार को होगा।





