नगर पंचायत अमेठी में निर्माण कार्यों में धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष महेश सोनी ने एक बार मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में महेश सोनी ने पिछले पांच सालों में कराए गए कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि गौरीगंज-प्रतापगढ़ मार्ग पर देवीपाटन मंदिर से आरजी कॉलेज तक जल निकासी के लिए करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा वर्ष 2020 में पंडित दीनदयाल योजना तथा वर्ष 2020 से 2025 तक 15वें वित्त और राज्य वित्त से करोड़ों रुपये नाला निर्माण पर व्यय किए गए, लेकिन कई स्थानों पर कार्य अधूरा होने के बावजूद पूरा भुगतान कर दिए जाने का आरोप है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि तहसील परिसर के पास गांधी चौक तक बने नाले का कार्य भी अधूरा है, जबकि भुगतान कर दिया गया है। साथ ही उसी कार्य को दोबारा योजना में शामिल कर फिर से धन निकासी की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा वार्ड संख्या-3 कटरा राजा हिम्मत सिंह में लगभग तीन वर्ष पूर्व बने नाले को पुनः 15वें वित्त से स्वीकृत कर एक ही कार्य का दोबारा भुगतान किए जाने की भी शिकायत की गई है।
पत्र में कहा गया है कि बरसात के दौरान नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। महेश सोनी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा नगर की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।





