स्वयं सहायता समूह की पहल सराही, किसानों को अपनाने के लिए जागरूकता कार्यशाला के निर्देश
अम्बेडकरनगर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने विकासखंड टांडा की ग्राम पंचायत वड्डूपुर में एनटीपीसी से निकलने वाली बॉटम ऐश से तैयार जैविक खाद का निरीक्षण किया। यह खाद लक्ष्मी आजीविका स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाई जा रही है। समूह की अध्यक्ष सुमित्रा यादव ने बेगूसराय (बिहार) से प्रशिक्षण लेकर अन्य महिलाओं के साथ मिलकर उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार की है।
जिलाधिकारी ने खाद की गुणवत्ता की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण आजीविका बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने समूह की महिलाओं को उत्पादन और विपणन जारी रखने के लिए प्रेरित किया। खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि विकासखंड स्तर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित कर किसानों, खासकर एनटीपीसी के आसपास के गांवों के किसानों को इस जैविक खाद के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत लर्निंग सेंटर में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पढ़ रहे बच्चों से बातचीत कर सुविधाओं और डिजिटल संसाधनों की जानकारी ली तथा नियमित अध्ययन और लाइब्रेरी के बेहतर उपयोग की सलाह दी।इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार, खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), ग्राम पंचायत सचिव, बीएमएम तथा लक्ष्मी आजीविका स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष सुमित्रा यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।





