चैटजीपीटी की पैरेंट कंपनी ओपनएआई ने उबर इंडिया के पूर्व प्रमुख प्रभजीत सिंह को भारत में अपना नया एमडी नियुक्त किया है।
चैटजीपीटी की पैरेंट कंपनी ओपनएआई ने भारत में अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए एक नया दांव चला है। कंपनी ने Uber इंडिया के हेड रहे प्रभजीत सिंह को भारत की कमान थमा दी है। यानी अब प्रभजीत सिंह की भारत में ओपनएआई के संचालन की जिम्मेदारी निभाएंगे। प्रभजीत ने Uber के इंडिया और साउथ एशिया प्रेसिडेंट के पद से इस्तीफा दे दिया है।
ओपन एआई ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी और बताया कि प्रभजीत सितंबर से OpenAI के साथ जुड़ सकते हैं। और वह एशिया पैसिफिक के मैनेजिंग डायरेक्टर किरण मणि को रिपोर्ट करेंगे।
भारत में ChatGPT का विस्तार करेंगे प्रभजीत सिंह
कंपनी के अनुसार प्रभजीत सिंह भारत में OpenAI के सबसे सीनियर लीडर होंगे और कंज्यूमर ग्रोथ, एंटरप्राइज़ अडॉप्शन, पार्टनरशिप, रेगुलेटरी मामलों और ऑपरेशन्स में कंपनी के परफॉर्मेंस की जिम्मेदार संभालेंगे।
ओपनएआई ने प्रभजीत सिंह को ऐसे समय में नियुक्त किया है जब भारत ग्लोबल AI कंपनियों के लिए एक अहम बाजार के तौर पर उभर रहा है। इसकी वजह है भारत का बड़ा कंज्यूमर बेस और साथ ही बिजनेस, स्टार्टअप, संस्थानों और सरकारी निकायों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स को अपनाने में बढ़ती दिलचस्पी।
OpenAI ने कहा कि सिंह की जिम्मेदारियों में पार्टनरशिप बनाना, भारत के व्यापक AI इकोसिस्टम को सपोर्ट करना और ज्यादा से ज्यादा कंज्यूमर्स, बिजनेस, संस्थानों और सरकारी निकायों को AI का फायदा उठाने में मदद करना शामिल होगा।
OpenAI भारत में टाटा के साथ मिलकर कर रहा काम
OpenAI भारत में टाटा ग्रुप के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी पर काम कर रहा है। इसमें डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है। यह देश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर में से एक बन सकता है।
हाल ही की एक रिपोर्ट में, OpenAI ने बताया है कि भारतीय यूजर्स Chat-GPT की एडवांस्ड क्षमताओं जैसे डेटा एनालिसिस, कोडिंग और एजुकेशन को सबसे ज्यादा इस्तेमाल करने वालों में से हैं।
IIT खड़गपुर और IIM अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं प्रभजीत सिंह
प्रभजीत सिंह IIT खड़गपुर और IIM अहमदाबाद के पूर्व छात्र हैं। 2015 में उन्होंने Uber ज्वाइन किया था। उससे पहले वह McKinsey & Company में एसोसिएट पार्टनर के तौर पर काम करते थे।
Uber में अपनी भूमिका के दौरान, सिंह भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका में कंपनी के मोबिलिटी बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार थे और उन्होंने इस क्षेत्र में Uber की ग्रोथ और विस्तार के अगले चरण का नेतृत्व किया।





