अलीगढ़। आगामी 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहरवासियों में राष्ट्रप्रेम राष्ट्रीय एकता एवं तिरंगे के सम्मान की भावना को और अधिक जागृत करने के उद्देश्य से स्थानीय पार्षदो के सुझाव पर महापौर व नगर आयुक्त ने एक महत्वपूर्ण पहल प्रारंभ की है। महापौर प्रशान्त सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की पहल पर गांधी पार्क तथा ऊपरकोट जामा मस्जिद शहर के दो प्रमुख स्थलों पर अत्यधिक ऊँचाई वाले राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए जाएंगे जो शहर के सबसे ऊँचे तिरंगों में शामिल होंगे।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने गत दिनों गांधी पार्क एवं ऊपरकोट जामा मस्जिद के सामने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों स्थानों की भौगोलिक स्थिति सुरक्षा आधार संरचना तथा आमजन की पहुँच का सत्यापन किया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से तिरंगा स्थापित की समस्त तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
महापौर प्रशान्त सिंघल ने कहा कि शहर के इन दोनों प्रमुख स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को लगाए जाने की पहल सराहनीय है तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं बल्कि देश की अस्मिता गौरव बलिदान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने कहा कि स्थानीय पार्षदो के सुझाव पर ऐसे प्रतिष्ठित स्थलों पर विशाल तिरंगे की स्थापना से युवाओं विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को नई पीढ़ी तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का संदेश भी मिलेगा।





