बांसी सिद्धार्थनगर। क्षेत्राधिकारी बांसी द्वारा प्रभारी निरीक्षक बांसी की उपस्थिति में थाना बांसी पर नियुक्त समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई ।
सोमवार की देर रात शुबेन्दु सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बांसी मृत्युंजय पाठक की उपस्थिति में थाना बांसी पर नियुक्त समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी किया गया तथा आमजन के प्रति शालीन, संवेदनशील एवं जनोन्मुखी व्यवहार अपनाने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पुलिस और जनता के मध्य बेहतर समन्वय एवं विश्वास स्थापित करने के लिए पुलिस कर्मियों का व्यवहार अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय धैर्य, संयम, विनम्रता एवं निष्पक्षता का परिचय देना चाहिए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सम्मान की भावना सुदृढ़ हो सके । एस दौरान उपस्थित पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि थाना, चौकी अथवा अन्य पुलिस कार्यालयों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
किसी भी व्यक्ति की समस्या के निस्तारण हेतु संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं कमजोर वर्गों के व्यक्तियों के साथ सहानुभूतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने पर बल दिया गया । यह भी निर्देशित किया गया कि पुलिस कर्मी ड्यूटी के दौरान अनुशासन, मर्यादा एवं उच्च नैतिक मूल्यों का पालन करें तथा अपने आचरण से पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।
किसी भी परिस्थिति में अभद्र भाषा, अनुचित व्यवहार अथवा शक्ति के दुरुपयोग से बचने तथा प्रत्येक व्यक्ति के साथ कानून सम्मत एवं मानवीय व्यवहार करने की अपेक्षा की गई। गोष्ठी में पुलिस कर्मियों को सोशल मीडिया के उपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा विभागीय गोपनीयता बनाए रखने, जनता से संवाद स्थापित करने में संयम बरतने एवं किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक गतिविधि से दूर रहने हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही पुलिस कर्मियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य एवं पेशेवर दक्षता बनाए रखने तथा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सेवा भाव से कार्य करने की सीख दी गई । तथा उच्चाधिकारीगण द्वारा प्राप्त आदेश एवं निर्देशो से अवगत कराया तथा पुलिस एवं जनता के मध्य विश्वास एवं सहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु प्रेरित किया गया ।





