गोण्डा। शासन द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने हेतु संचालित “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-05 के द्वितीय चरण के अंतर्गत चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज दिनांक 20.3.2026 को जनपद गोण्डा में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक द्वारा एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा अम्बेडकर चौराहा से गुरु नानक चौराहा होते हुए कोतवाली नगर तक “महिला पुलिस कर्मियों की बाइक रैली” को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
यह बाइक रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों द्वारा आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया । रैली के दौरान महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 181 आदि) की जानकारी देते हुए महिलाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में इन सेवाओं का उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया । साथ ही “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के द्वितीय चरण के उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए महिलाओं में आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अमित पाठक द्वारा इस अवसर पर महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सतत् सतर्कता बरती जाए तथा मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए । उन्होंने निर्देशित किया कि महिला संबंधी शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करते हुए महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल द्वारा चैत्र नवरात्रि के अवसर पर जनपद के समस्त मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मेलों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त पूजा पण्डालों एवं रामनवमी के अवसर पर “महिला चौपाल” का आयोजन कर महिलाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं, अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के संबंध में जागरुकता बढ़ाने तथा हेल्पलाइन से संबंधित पम्पलेट वितरित करने हेतु निर्देशित किया गया है।
महिलाओं में विश्वास की भावना सुदृढ़ करने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु संवेदनशील स्थानों पर महिला बीट पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि महिलाएं निर्भीक होकर अपनी समस्याएं साझा कर सकें और उन्हें समयबद्ध समाधान प्राप्त हो सके। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में एण्टी रोमियो स्क्वाड द्वारा सघन अभियान चलाया जाए तथा शोहदों/असामाजिक तत्वों के विरुद्ध मौके पर ही कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। महिलाओं के अधिक आवागमन वाले महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों एवं चिन्हित संवेदनशील हॉटस्पॉट्स पर व्यापक फुट पेट्रोलिंग कराई जाए तथा पीआरवी के माध्यम से निरंतर गश्त सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही महिला संबंधी अपराधों में पूर्व में जेल से रिहा अभियुक्तों का सत्यापन कर आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही करने, महिला अपराधों से संबंधित संवेदनशील स्थानों/हॉटस्पॉट्स पर सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन करने, पूर्व से स्थापित कैमरों की नियमित चेकिंग कर उन्हें क्रियाशील बनाए रखने तथा निष्क्रिय कैमरों को तत्काल ठीक कराए जाने हेतु भी निर्देशित किया गया तथा महिला अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए ऐसे मामलों में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने तथा अभियोजन की प्रक्रिया में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिससे अपराधियों में कानून का भय स्थापित हो और महिलाओं को न्याय शीघ्र प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। संबंधित अधिकारियों को पूर्व में ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिनके अनुपालन में संपूर्ण कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय , क्षेत्राधिकारी सदर शिल्पा वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर आनंद राय, क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर समेत अन्य अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहे ।





