हमीरपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल की कार्यकुशलता बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। परेड का निरीक्षण अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हमीरपुर ने किया और जवानों की मुस्तैदी, अनुशासन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।
परेड के दौरान एएसपी ने पुलिसकर्मियों से टोलीवार ड्रिल कराई तथा उनकी शारीरिक क्षमता को परखने के लिए दौड़ भी लगवाई। उन्होंने जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए नियमित अभ्यास और अनुशासित दिनचर्या अपनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल को आधुनिक शस्त्रों और दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन का भी प्रशिक्षण दिया गया। जवानों से टोलीवार शस्त्र खोलने और जोड़ने का अभ्यास कराया गया। साथ ही एंटी-रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस और ग्रेनेड जैसे उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी देकर आपात स्थितियों में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के गुर सिखाए गए।
परेड समाप्त होने के बाद एएसपी ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में ‘ऑर्डर रूम’ कर विभिन्न विभागीय प्रकरणों की समीक्षा की तथा संबंधित अभिलेखों का निरीक्षण कर आवश्यक मामलों का निस्तारण किया।
इसके बाद उन्होंने पूरे रिजर्व पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों व कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) रिजर्व पुलिस लाइन्स सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





