नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास पर हुई यह बैठक करीब एक घंटे तक चली।
बैठक के आधिकारिक एजेंडे की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, मीडिया रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उत्तर प्रदेश से जुड़े विभिन्न राजनीतिक मुद्दों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव और राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
सीएम योगी के दिल्ली दौरे को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियां तेज हो रही हैं। इससे पहले सितंबर में बीजेपी की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय तथा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई थी।
सीएम योगी इस दौरे में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात करने वाले हैं। इन बैठकों के बाद यूपी की चुनावी तैयारियों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।





