फतेहपुर। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी न बरती जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच निष्पक्षता से करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए तथा सभी मामलों में पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, तथा अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें सामने आईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुलभ मंच प्रदान करना है, जिससे उनकी शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





