उरई (जालौन)। उपजिलाधिकारी जालौन राकेश कुमार सोनी ने मंगलवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत दुबे के साथ विकासखंड जालौन के ग्राम छानी स्थित अस्थायी गौशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोशाला में रह रहे गौवंशों की देखभाल, साफ-सफाई, चारा-भूसा एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
एसडीएम राकेश कुमार सोनी ने गोशाला में मौजूद केयरटेकर को निर्देश दिए कि परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी गौवंशों को समय पर चारा, भूसा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से बीमार एवं कमजोर गौवंशों का तत्काल पशु चिकित्सक से उपचार कराने के निर्देश देते हुए कहा कि उनकी देखरेख में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप गोशालाओं का संचालन पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि गौवंशों को बेहतर संरक्षण मिल सके। एसडीएम राकेश कुमार सोनी की सक्रिय कार्यशैली और नियमित निरीक्षणों की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की। लोगों का कहना है कि उनके लगातार निरीक्षण से सरकारी व्यवस्थाओं में सुधार देखने को मिल रहा है और संबंधित कर्मचारियों में जवाबदेही भी बढ़ी है।





