महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान दुर्घटना में निधन हो गया है। इसके बाद राज्य के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में 3 दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। ऐसे में अब 30 जनवरी तक सभी स्कूल कॉलेज बंद रहेंगे।
महाराष्ट्र के बारामती में विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के दुखद निधन से गहरा सदमा लगा है। इस घटना से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है, जिसके चलते सरकार ने स्कूलों और कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा की है। यह नियम राज्य के सरकारी स्कूल- कॉलेजों के साथ ही प्राइवेट स्कूलों पर भी समान रूप से लागू रहेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस निर्णय की आधिकारिक पुष्टि सोशल मीडिया अकाउंट पर X पर साझा की है।
मुंबई यूनिवर्सिटी ने भी परीक्षा की स्थगित
राजकीय शोक के चलते मुंबई यूनिवर्सिटी ने 28 जनवरी 2026 को होने वाली सभी दोपहर की परीक्षाएं स्थगित कर दी थीं। जानकारी के अनुसार कॉमर्स, मैनेजमेंट, आर्ट्स और एजुकेशन के विषयों की परीक्षाएं स्थगित हुई हैं। अब मुंबई विश्वविद्यालय की ओर से इन परीक्षाओं के लिए नई डेट्स की घोषणा जल्द ही की जाएगी। स्टूडेंट्स लेटेस्ट अपडेट के लिए कॉलेज से संपर्क कर सकते हैं।
राजकीय शोक में आधा झुका रहेगा झंडा
तीन दिनों के राजकीय शोक के दौरान उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सम्मान के रूप में राज्य भर में सभी सरकारी कार्यालयों, मंत्रालयों और प्रशासनिक कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका हुआ फहराया जायेगा।
विमान क्रैश में 6 लोगों का हुआ निधन
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार चुनाव प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे। लेकिन, लैंडिंग के दौरान उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में अजित पवार समेत 6 लोगों का निधन हो गया है। इसमें उपमुख्यमंत्री के अलावा सुरक्षा गार्ड विदिप जाधव, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, पायलट कैप्टन सुमित कपूर और को-पायलट शाम्भवी पाठक का निधन हो गया।





