Thursday, February 12, 2026
spot_img
HomeUttar PradeshAligarhपंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 28 मार्च को...

पंचायत निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी, 28 मार्च को होगा अंतिम प्रकाशन

अलीगढ़।: राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की संशोधित अधिसूचना के क्रम में जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संजीव रंजन ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण की समस्त कार्यवाही निर्धारित समय सारिणी में पूर्ण की जाएगी और किसी भी परिस्थिति में समय सीमा में वृद्धि नहीं की जाएगी।

जारी कार्यक्रम के अनुसार, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरान्त हस्तलिखित पाण्डुलिपियों की तैयारी, उन्हें सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करने और संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन एवं निस्तारण की कार्यवाही 07 जनवरी से 20 फरवरी तक की जाएगी। इसके बाद 21 फरवरी से 16 मार्च तक पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी कर उन्हें मूल सूची में यथास्थान समाहित किया जाएगा और आवश्यकतानुसार मतदान केन्द्रों एवं स्थलों का निर्धारण किया जाएगा।

अगले चरण में 17 मार्च से 27 मार्च तक मतदाता सूचियों की कम्प्यूटरीकरण के उपरान्त मतदान केन्द्रों एवं स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एस वी एन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियाँ कराने की कार्यवाही सम्पन्न होगी। इसके उपरान्त 28 मार्च को निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वृहद पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि आयोग की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से कार्य पूर्ण कराया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवधि में मतदाता सूची से संबंधित कार्यों में सहयोग करें, ताकि पंचायत चुनावों के लिए अद्यतन, त्रुटिरहित और विश्वसनीय निर्वाचक नामावली तैयार की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular