बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपजिलाधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी आईजीआरएस सात्विक श्रीवास्तव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों की आख्या (रिपोर्ट) की समीक्षा की गई। इस दौरान कई विभागों की आख्या संतोषजनक नहीं पाई गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण केवल समयबद्ध ही नहीं बल्कि गुणवत्तापूर्ण और साक्ष्य सहित पोर्टल पर अपलोड किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान मिल सके। सबसे खराब आख्या विद्युत विभाग की पाई गई, जिस पर असंतोष व्यक्त करते हुए विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा, तहसील दिवस से संबंधित खराब आख्या को अनुमोदित न करते हुए पुनः जांच कराने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से तहसील गौरीगंज और अमेठी को दोबारा जांच कर वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए। प्रभारी अधिकारी श्री श्रीवास्तव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित विभागों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अमित विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।





