हमीरपुर/मौदहा। नगर में बिजली विभाग की अनियमितताओं को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। प्रीपेड मीटर व्यवस्था से परेशान नगरवासियों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्रीपेड मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं को लगातार समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि एडवांस में बिल जमा करने के बावजूद उन्हें नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। समय-असमय अचानक बिजली काट दी जाती है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
महिलाओं ने विशेष रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रीपेड मीटर ने उनकी दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। अचानक बिजली कटने से घरेलू कार्य बाधित हो जाते हैं और परिवार को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सैयद शहबाज अली ने बताया कि उप जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से जनहित में मांग की गई है कि प्रीपेड मीटर हटाकर पुनः पोस्टपेड मीटर लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र आर्थिक एवं शैक्षिक रूप से पिछड़ा है, जहां अधिकांश लोग मजदूरी और खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में पहले से भुगतान करने वाली व्यवस्था आमजन के लिए व्यवहारिक नहीं है। नगरवासियों ने मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द से जल्द समाधान कराया जाए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।





