महराजगंज। संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी व मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशु शेड, वर्मी कंपोस्ट, गोबर गैस प्लांट व चारा व्यवस्था देखी। गोबर गैस प्लांट की मरम्मत में देरी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए, साथ ही जर्जर भवन गिराने और खाली शेड की मरम्मत कर गोवंश रखने को कहा।
अधिकारियों ने बताया कि गोसदन में 739 गोवंश हैं और पर्याप्त चारा उपलब्ध है। डीएम ने बीमार पशुओं के बेहतर इलाज, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण व फलदार वृक्षारोपण के निर्देश दिए। वर्मी कंपोस्ट व गोकाष्ठ के उत्पादन को बढ़ावा देने और उनकी बिक्री के लिए मार्केट लिंकेज विकसित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गोसदन को आत्मनिर्भर बनाकर मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है, जिसके लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर काम करने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गोवंश को गुड़, केला व चना भी खिलाया।





