Saturday, May 16, 2026
spot_img
HomeLucknowप्रतीक यादव के दर्ज हो चुके थे बयान, जारी रहेगा मुकदमा; साल...

प्रतीक यादव के दर्ज हो चुके थे बयान, जारी रहेगा मुकदमा; साल 2025 में लिखवाई थी धोखाधड़ी और रंगदारी की FIR

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव द्वारा दर्ज कराए गए धोखाधड़ी, रंगदारी और आईटी एक्ट के मुकदमे की जांच उनकी मृत्यु के बाद भी जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वादी के बयान पहले ही दर्ज हो चुके थे, जिसके आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की ओर से दर्ज कराए गए धोखाधड़ी, रंगदारी और आइटी एक्ट के मुकदमे की जांच उनकी मौत के बाद भी जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वादी के बयान पहले ही दर्ज हो चुके थे, इसलिए विवेचना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त विकास जायसवाल ने बताया कि प्रतीक ने अपने बयान लिखित रूप से उपलब्ध कराए थे। इसके आधार पर आरोपितों और उनके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जा रही है। आइटी एक्ट से जुड़े मामलों की जांच इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी करते हैं। वर्तमान में गौतमपल्ली के प्रभारी निरीक्षक के एसओ पद पर होने के कारण विवेचना हजरतगंज ट्रांसफर की गई है।

13 जुलाई 2025 को दर्ज कराई थी FIR

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2025 को प्रतीक ने गौतमपल्ली थाने में रियल एस्टेट कंपनी मोनल इंफ्रा के निदेशक कृष्णानंद पांडेय, उनकी पत्नी वंदना पांडेय और पिता अशोक पांडेय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि इन्होंने ने शहीद पथ के पास जमीन में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये लिए और बाद में हिसाब मांगने पर चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।

रकम न देने पर पाक्सो एक्ट में फर्जी मुकदमे में फंसाने और इंटरनेट मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दी गई। प्रतीक ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि वर्ष 2011-12 में उनकी मुलाकात कृष्णानंद पांडेय से हुई थी। दोस्ती बढ़ने के बाद जमीन कारोबार में मोटे मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराया। आरोप है कि सामाजिक कार्यों और पारिवारिक व्यस्तताओं का फायदा उठाकर बड़ी रकम हड़प ली गई।

आदित्य यादव हरिद्वार में करेंगे प्रतीक की अस्थियों का विसर्जन

प्रतीक यादव का अस्थि विसर्जन सैफई परिवार की मौजूदगी में हरिद्वार में किया जाएगा। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य बैकुंठ धाम पहुंचकर अस्थियां एकत्र करेंगे। शिवपाल यादव के बेटे व सांसद आदित्य यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव तथा करहल विधायक तेज प्रताप यादव सुबह करीब 8:30 बजे बैकुंठ धाम पहुंचेंगे।

इसके बाद प्रतीक की अस्थियों को चुनकर सुबह 10:30 बजे निजी चार्टर विमान से हरिद्वार के लिए रवाना होंगे। इस दौरान अपर्णा यादव, परिवार की दोनों बेटियां और अमन सिंह बिष्ट भी साथ रहेंगे। हरिद्वार में संत स्वामी अवधेशानंद पूजन कराएंगे। धार्मिक अनुष्ठान के बाद आदित्य यादव उर्फ अंकुर भाई प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन करेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular