टाडा (अंबेडकरनगर)। टांडा कोतवाली के सामने स्थित एक मकान की तीसरी मंजिल पर इन्वर्टर में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से स्टोर रूम में रखा सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार टांडा कोतवाली के सामने रहने वाले जसप्रीत उर्फ टोनी सरदार के मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लग गई।
बताया जा रहा है कि तीसरी मंजिल पर पूजा घर , स्टोर रूम तथा किचन था अचानक लगभग 12 बजे दिन में स्टोर रूम में रखे इन्वर्टर मे शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई और देखते ही देखते आग ने स्टोर रूम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।स्टोर रूम में रखे बक्से, कपड़े समेत अन्य सामान आग की चपेट में आकर जल गए। आग लगते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना कोतवाली के ठीक सामने की है ।गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से स्टोर रूम व किचन में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। अग्निशमन अधिकारी अब्दुल कलाम ने बताया कि लगभग एक लाख से ऊपर नुकसान हुआ है ।





