वाराणसी। वाराणसी। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व-अटूट आस्था के हजार वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में भव्य आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। पुलिस लाइन हेलीपैड से दोनों का काफिला सीधे काशी विश्वनाथ धाम पहुंचा, जहां स्कूल की छात्राओं ने शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री त्र्यंबकेश्वर सभागार में आयोजित “सोमनाथ संकल्प पूजन”कार्यक्रम में शामिल हुए।
यहां बीएचयू के छात्रों द्वारा तैयार सोमनाथ की प्रतिकृति पार्थिव ज्योतिर्लिंग की स्थापना कर दोनों नेताओं ने जलाभिषेक और पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की हजार वर्षों पुरानी आस्था, सांस्कृतिक चेतना और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पश्चिम के सागर तट पर स्थित सोमनाथ और पूर्व की आध्यात्मिक राजधानी काशी भारत की सनातन चेतना के दो अमर केंद्र हैं।
एक ने समुद्र की लहरों के बीच आस्था का दीप जलाए रखा, जबकि दूसरे ने गंगा की अविरल धारा के साथ ज्ञान, मोक्ष और अध्यात्म का संदेश विश्वभर में फैलाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम भारत की सनातन संस्कृति और अदम्य आध्यात्मिक शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों और धार्मिक स्थलों को नष्ट करने का प्रयास किया, लेकिन भारत की आत्मा और सनातन संस्कृति को कभी समाप्त नहीं कर सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि “सनातन केवल मंदिरों की दीवारों में नहीं, बल्कि भारत की चेतना में बसता है।
”उन्होंने कहा कि, आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सनातन संस्कृति से जुड़े हमारे पवित्र तीर्थस्थल पुनः अपने प्राचीन वैभव को प्राप्त कर रहे हैं।उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और अयोध्या धाम जैसे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नया भारत अपनी विरासत पर गर्व करने वाला भारत है। कार्यक्रम में मंत्री अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम सहित मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





