मुबारकपुर, आजमगढ़ l विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शनिवार को मुबारकपुर नगर पालिका परिषद द्वारा अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र के नेतृत्व में रामलीला मैदान में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका के 25 सभासदों एवं कर्मचारियों ने एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृक्षारोपण अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में नगरवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया।
अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्र ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने बच्चों का पालन-पोषण और संरक्षण करते हैं, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की भी नियमित देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया और शुद्ध वातावरण का भी प्रमुख स्रोत हैं। इसलिए वृक्षारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर लिपिक राजन चौधरी, सभासद सुहेल अहमद उर्फ बाबू भाई, बशीर अहमद, नुरूल होदा, तनवीर अहमद, आफताब आलम उर्फ मुन्ना शिकारी, अरविंद, नैमुद्दीन, सफी नवाज, अमरुद्दीन, अनवारुल हक, फैयाज आलम, समाजसेवी एहसामुद्दीन, समाजसेवी विवेक शर्मा उर्फ रानू, संदीप शर्मा, नवीन कुमार यादव, कर्णचंद यादव सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





