गंगा तट पर मिले चप्पल और दुपट्टे ने बढ़ाई अनहोनी की आशंका, तलाश में जुटी पुलिस
रिपोर्ट-एम शोएब
बदायूँ। जनपद के उसहैत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नगला शिम्भू से एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों—मां, बेटी और दो वर्षीय मासूम नातिन—के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुक्रवार सुबह गंगा किनारे तीनों की चप्पलें और दुपट्टे पड़े मिलने के बाद नदी में डूबने की आशंका गहरा गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों ने गंगा में सघन तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, ग्राम नगला शिम्भू निवासी वीरेंद्र सिंह की पत्नी उर्मिला देवी (45) अपनी विवाहित पुत्री शीला और दो वर्षीय नातिन रिया के साथ गुरुवार से लापता हैं। बताया जा रहा है कि शीला का विवाह एटा जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के गांव मोहनपुर निवासी अनिल के साथ हुआ था। पति से अनबन के चलते शीला पिछले करीब ढाई महीने से अपनी मासूम बेटी रिया के साथ मायके में ही रह रही थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे तक मां-बेटी को घर पर देखा गया था। इसके बाद किसी बात को लेकर हुई नाराजगी के चलते तीनों घर से निकल गईं।
गंगा तट पर मिले निशान, 15 फीट गहरा है पानी
पूरी रात घर वापस न लौटने पर चिंतित परिजनों और ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के सामने गंगा नदी के किनारे दो जोड़ी चप्पलें और दुपट्टा पड़ा मिला। जिस स्थान पर यह सामान मिला है, वहां गंगा का पानी करीब 15 फीट गहरा बताया जा रहा है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया और नदी में डूबने की आशंका जताई जाने लगी।
सभी पहलुओं से जांच कर रही है पुलिस
हादसे की आशंका की खबर फैलते ही गंगा तट पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।फिलहाल पुलिस स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, साथ ही अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए भी लापता महिलाओं का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Also read


