छात्रों ने लिया सुरक्षित यातायात का संकल्प
इटावा। सड़क सुरक्षा जागरूकता माह के अवसर पर एमनीव विज़न स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा रहे,जबकि ट्रैफिक इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं परिचय के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थी, अध्यापकगण तथा स्कूल ट्रांसपोर्ट से जुड़े चालक एवं परिचालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुँचाना है।कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर सूबेदार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है,बल्कि यह हमारी रोज़मर्रा की आदतों से जुड़ी हुई है।छोटी-छोटी सावधानियाँ हमें बड़ी दुर्घटनाओं से बचा सकती हैं।उन्होंने हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव,मोबाइल फोन का प्रयोग न करने ज़ेब्रा क्रॉसिंग के सही उपयोग सहित सभी यातायात नियमों पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों,शिक्षकों,चालकों एवं परिचालकों ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा एवं यातायात सुरक्षा की शपथ ली कि वे स्वयं को,अपने परिवार को तथा समाज को सुरक्षित रखने हेतु सभी नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।मुख्य अतिथि राम गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा।
सड़क पर अनुशासन और धैर्य ही सुरक्षा की कुंजी है।यातायात नियमों का पालन हमें केवल दंड से ही नहीं बचाता, बल्कि यह हमारे परिवार की खुशियों, भविष्य और जीवन की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।उन्होंने सभी से नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए अपने उद्बोधन में सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बताया कि सड़क पर बरती गई एक छोटी सी लापरवाही भी जीवन के लिए खतरा बन सकती है,इसलिए सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।
इसके पश्चात सीओ ट्रैफिक एवं ट्रैफिक इंस्पेक्टर द्वारा विद्यालय की बसों का निरीक्षण किया गया तथा बस चालकों एवं परिचालकों को छात्र सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए।इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव,प्रोग्राम हेड विनय शील पठानिया सहित विद्यालय के समस्त अध्यापकगण उपस्थित रहे।यह कार्यक्रम समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है।





