मौदहा। छोटे कस्बे मौदहा से निकलकर एक युवा क्रिकेटर ने बड़ा मुकाम हासिल कर जिले का नाम रोशन कर दिया है। अहद क्रिकेट अकादमी, मौदहा के होनहार खिलाड़ी मुसब रहमान का चयन कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की अंडर-14 टीम में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मुसब रहमान, मुजीब उर रहमान के पुत्र हैं और अपनी मेहनत, अनुशासन तथा क्रिकेट के प्रति जुनून के दम पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं। खास बात यह है कि हमीरपुर जिले से चयनित होने वाले वह एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिसने इस प्रतिष्ठित टीम में जगह बनाकर जिले को गौरवान्वित किया है।
अहद क्रिकेट अकादमी में कोच शमशाद नबी के मार्गदर्शन में मुसब ने लगातार अपने खेल को निखारा। नेट प्रैक्टिस से लेकर मैदान पर शानदार प्रदर्शन तक, उनकी मेहनत अब रंग लाती दिखाई दे रही है। चयन की खबर मिलते ही अकादमी में खुशी का माहौल बन गया और खिलाड़ियों ने तालियां बजाकर अपने साथी की सफलता का स्वागत किया। कोच शमशाद नबी ने कहा कि मुसब रहमान की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुसब भविष्य में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले, अकादमी और अपने परिवार का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन करेंगे। मुसब की इस सफलता ने जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों में भी नई ऊर्जा और उम्मीद जगाई है। खेल प्रेमियों का कहना है कि अगर इसी तरह प्रतिभाओं को मंच मिलता रहा तो हमीरपुर से भी बड़े क्रिकेट सितारे निकलकर सामने आएंगे।





