मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा बांध के एसडीओ पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने तहसील दिवस में एकत्रित होकर विरोध जताया और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उनके तत्काल स्थानांतरण की मांग की।
किसानों का आरोप है कि समय पर सिंचाई के लिए उन्हें पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता, जिससे उनकी फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों ने कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
तहसील दिवस के दौरान किसानों ने एकजुट होकर प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और मौदहा बांध के एसडीओ पर पक्षपातपूर्ण तरीके से पानी वितरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि किसानों के हित में जल्द से जल्द समस्या का समाधान किया जाए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूर होकर आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जीशान अली, अब्दुल सत्तार, शरीफ उद्दीन, बच्चा बीडीसी, अजहर सहित कम्हरिया, मांचा, सिलौली, सायर और आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।





