महराजगंज। राज्य सरकार की समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की फरवरी 2026 की मासिक रैंकिंग में महराजगंज पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही जनपद के 17 थानों ने भी बेहतर कार्य करते हुए उत्कृष्ट श्रेणी में स्थान हासिल किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आम जनता की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाता है। फरवरी माह में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से समाधान किए जाने के कारण महराजगंज पुलिस को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान मिला है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे थाना स्तर पर शिकायतों की नियमित समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सभी थानों को जन शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी महराजगंज पुलिस जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेगी।





