अलीगंज कोचिंग अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध निर्माणों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के उपाध्यक्ष को कार्रवाई रिपोर्ट के साथ तलब किया है।
लखनऊ। अलीगंज कोचिंग अग्निकांड में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सीएम योगी ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की कार्रवाई रिपोर्ट के साथ उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को आज शाम पांच बजे तलब किया है।
मुख्यमंत्री ने 1 जनवरी से लेकर अब तक शहर के सभी सात जोनों में जारी किए गए सील नोटिसों की कुल संख्या, उन पर जमीनी स्तर पर हुए अमल और ध्वस्तीकरण (बुलडोजर एक्शन) की पूरी डिटेल मांगी है।
बता दें कि सोमवार को अलीगंज के एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग ने 15 मासूम छात्रों की जान ले ली। अवैध इमारत में कोचिंग के साथ-साथ एक पेट शॉप, क्लीनिक और एनिमेशन सेंटर भी संचालित हो रहा था।
इस दर्दनाक हादसे की चपेट में आने से दुकान में मौजूद कई बेजुबान पालतू जानवर भी जिंदा जल गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ही मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। एक्शन में आई एसआईटी की टीम ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई पूरी कर ली है।





