फतेहपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, चिराग पासवान के नेतृत्व में सरकार बनाने का जताया भरोसा
फतेहपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) निरीक्षण भवन, फतेहपुर में सोमवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान आयोजित बैठक में उन्होंने संगठन विस्तार, दलित चौपाल अभियान और वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासी ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रदेश के विभिन्न जनपदों में दलित चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य समाज के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को जानना, उन्हें पार्टी की नीतियों से जोड़ना तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की दिशा में पार्टी आगे बढ़ रही है।
राजीव पासी ने कहा कि दलित चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से अनुसूचित जाति समाज के लोगों को संगठित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी द्वारा अनुसूचित जाति के लोगों को निशाना बनाकर परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर समाज के बीच जा रही है और दलित समाज को संगठित कर रही है, ताकि वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके और पार्टी को मजबूत बना सके।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। बैठक के दौरान प्रदेश सचिव कमलाकांत तिवारी, जिलाध्यक्ष राजू पासवान, कमलेश मिश्रा, रमेश पासवान, शिव बहादुर, आजाद, सतीश सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





