सदर विधायक ने कबरई पेयजल परियोजना का किया औचक निरीक्षण, दो माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जल निगम और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ विधायक ने की बैठक, तकनीकी बाधाएं दूर करने के दिए निर्देश
कलशहा बाबा पानी की टंकी को मुख्य योजना से जोड़ने का काम तेज; पाइपलाइन का 70 फीसदी कार्य पूरा
महोबा। जिले में योजना के तहत कराए जा रहे कार्याें को जल्द से जल्द पूरा कर लोगों को पेयजल मुहैया कराए जाने को लेकर सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने कस्बा कबरई में पेयजल परियोजना के चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान सदर विधायक संबन्धित अधिकारियों को समय से कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। विधायक ने निरीक्षण के बाद जल निगम और कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों क साथ बैठक कर जलापूर्ति के बावत जानकारी हासिल की।
नगर पंचायत कबरई में पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चल रहे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कलशहा बाबा पानी की टंकी को मुख्य पेयजल योजना से जोड़ने के कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए बारीकी के साथ कार्य को देखा और संबन्धित अधिकारियों को दिए गए समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दौरान विधायक ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता हर घर तक स्वच्छ और नियमित पेयजल पहुंचाना है। कबरई की बढ़ती आबादी को देखते हुए इस योजना का विस्तार आवश्यक था। परियोजना पूरी होने के बाद हजारों परिवारों को बेहतर जलापूर्ति का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण दौरान स्थानीय लोगों ने वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या अवगत कराया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने का 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, जबकि टंकी की मरम्मत और सफाई अंतिम चरण में है। प्रशासन का लक्ष्य अगले दो महीनों में परियोजना पूरी कर इसे जनता को समर्पित करना है। निरीक्षण करने के बाद विधायक ने जल निगम और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य में आ रही तकनीकी बाधाओं और लंबित मुद्दों की समीक्षा की और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कई समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट कहा कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





