Sunday, May 3, 2026
spot_img
HomeMarqueeदीपोत्सव पर अलग-अलग थीम पर बाजारों को सजाया

दीपोत्सव पर अलग-अलग थीम पर बाजारों को सजाया

दीपोत्सव पर राजधानी जयपुर के सभी बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठे हैं। दीपोत्सव पर अलग-अलग थीम पर बाजारों को सजाया गया है। जयपुर की बात करें तो ज्यादातर बाजार अयोध्या की थीम पर सजाए गए हैं। यहां श्री राम और अयोध्या की झांकी देखने को मिल रही है। ऐसी लाइटिंग भी की गई है, जहां हनुमान की प्रतिमा सीना चीरकर भगवान राम की तस्वीर दिखा रही है। यही नहीं मिस्र के पिरामिड, कैंडल, राइजिंग राजस्थान जैसी थीम भी शामिल की गई हैं।

अयोध्या के श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की थीम पर दीपावली की सजावट

राजापार्क व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव आहूजा ने बताया कि राजा पार्क में अयोध्या के श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की थीम पर दीपावली की सजावट की गई है। राजापार्क के मुख्य चौराहे पर रामलला की प्रतिमा लगाई गई है। पूरे बाजार में साउंड सिस्टम लगाकर राम धुन बजाई जा रही है। वहीं बाजार के मेन चौराहे पर झूमर के साथ रंग-बिरंगी लाइट से सजावट की गई है। लाइटिंग के साथ पोल पर लगी मोर की आकृतियां बाजार की खूबसूरती बढ़ा रही हैं। बाजारों में जगह-जगह लक्ष्मी, गणेश के चित्र लाइटिंग के साथ लगाए गए हैं।

एमआई रोड पर राइजिंग राजस्थान

एमआई रोड व्यापार मंडल के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि एमआई रोड पर साढ़े तीन किलोमीटर लंबाई में अजमेरी गेट से लेकर गवर्नमेंट हॉस्टल तक बाजार की लाइटिंग सात दिनों तक रहने वाली है। यह जयपुर में सबसे ज्यादा दिन तक चलने वाली सजावट है। यहां हनुमान जी की मूर्ति लगाई गई है, जो सीना चीरकर भगवान राम की तस्वीर दिखा रही है।

मिशन राइजिंग राजस्थान की थीम पर सजाया बाजार

इस बार विशेष तौर पर राज्य सरकार के मिशन राइजिंग राजस्थान की थीम पर बाजार को सजाया है। इस थीम में राज्य सरकार की ओर से जितने भी एमओयू हो चुके हैं, उसे पांच बत्ती सर्किल पर शो किया गया है। साथ ही राइजिंग राजस्थान के उगते हुए सूर्य को सड़क के दोनों ओर लाइटिंग के जरिए दिखाया गया है। इसके साथ ही बाजार में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

अयोध्या की थीम पर सजा जौहरी बाजार

जौहरी बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने बताया कि इस बार की दीपावली बहुत ही खास है। जिस तरीके से प्रभु राम वनवास से अयोध्या लौटे थे, उसी तरीके से कई सालों के संघर्ष के बाद रामलला का मंदिर अयोध्या जन्मभूमि पर बना और रामलला विराजित हुए। इसे देखते हुए इस बार जौहरी बाजार को अयोध्या की थीम पर सजाया गया है।

जगह-जगह भगवान राम के कटआउट लगाए गए हैं। छोटी-बड़ी एलईडी लाइट्स से बाजार की खूबसूरती और बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि बाजार के दोनों ओर 16-16 गेट बनाए गए हैं। जिस पर भगवान राम के कटआउट के साथ जय श्रीराम का नारा भी लगाया गया है।

छोटी चौपड़ पर मिस्र के पिरामिड की झांकी

चांदपोल बाजार को कैंडल थीम पर सजाया गया है, जिसमें लगभग 15 हजार एलईडी बल्ब का यूज किया गया है। इसके साथ ही छोटी चौपड़ पर मिस्र के पिरामिड के साथ राम दरबार की झांकी भी सजाई गई है। चांदपोल बाजार में अशोक वाटिका की झांकी बनाई गई है। बड़ी चौपड़ जय श्री राम की रोशनी में नहाई हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular