Tuesday, April 14, 2026
spot_img
HomeSliderIPL 2026 Orange Cap: हैदराबाद हुआ 'प्रफुल्लित', RR की हार के बाद...

IPL 2026 Orange Cap: हैदराबाद हुआ ‘प्रफुल्लित’, RR की हार के बाद ऑरेंज कैप की लिस्ट में फेरबदल; वैभव की बादशाहत खत्म

IPL 2026 Orange Cap List Update: आईपीएल 2026 के 21वें मैच में आरआर को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा। अंक तालिका में हैदराबाद ने छलांग लगाई, जबकि आरआर के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी से ऑरेंज कैप छिन गई।

IPL 2026 Orange Cap। सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रायल्स के बीच मुकाबले में सभी की नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर थीं कि एक बार फिर उनके बल्ले से आतिशबाजी देखने को मिलेगी, लेकिन महफिल लूटी सनराइजर्स के 24 साल के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने।

प्रफुल्ल (4/34) ने पहले ही ओवर वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरैल और लुआन ड्रे प्रिटोरियस को आउट कर राजस्थान रायल्स को घुटनों पर ला दिया। ये तीनों बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। इसके साथ ही प्रफुल ने वो कर दिखाया, जो 19 साल के आईपीएल इतिहास में कभी नहीं हुआ था।

वह पहले ओवर में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। प्रफुल्ल ही नहीं, बल्कि बिहार के साकिब हुसैन (4/24) ने सनराइजर्स के लिए पदार्पण मैच में छाप छोड़ी। साकिब ने भी चार विकेट झटके, जिससे सनराइजर्स ने यह मैच 57 रन से जीतकर राजस्थान का विजय रथ रोक दिया।

217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम 159 रन ही बना सकी। दो हार के बाद सनराइजर्स को मिली इस जीत ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतराष्ट्रीय स्टेडियम में मौजूद हर प्रशंसक को प्रफुल्लित कर दिया।

RR vs SRH: पहले ही मैच में छाए प्रफुल्ल हिंगे

नागपुर से आने वाले प्रफुल हिंगे के लिए आईपीएल का पदार्पण मैच किसी सपने से कम नहीं रहा। साधारण परिवार से आने वाले प्रफुल को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था और शुरुआत में वह बल्लेबाजी करते थे, लेकिन पिता की सलाह पर उन्होंने गेंदबाजी करना शुरू किया था। सोमवार को हैदराबाद ने जयदेव उनादकट की जगह प्रफुल्ल को एकादश में शामिल किया था।

प्रफुल्ल ने दूसरी ही गेंद पर अब तक बल्ले से तबाही मचा रहे वैभव को गोल्डन डक पर आउट किया। चौथी गेंद पर उन्होंने जुरैल को बोल्ड किया और अंतिम गेंद पर प्रिटोरियस को डीप स्क्वेयर लेग में नीतीश रेड्डी के हाथों कैच कराकर रायल्स के खेमें खलबली मचा दिया। प्रफुल्ल यही नहीं रुके और अपने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर रियान पराग को आउट कर मैच टीम के पक्ष में मोड़ दिया।

साकिब ने भी छोड़ी छाप

प्रफुल्ल के अलावा सनराइजर्स के लिए एक और गेंदबाज साकिब हुसैन (4/24) ने पदार्पण किया। साकिब ने प्रफुल के साथ दूसरे छोर से गेंद संभाली और यशस्वी जायसवाल का विकेट लिया। इसके बाद बिहार के इस गेंदबाज ने डोनोवान फरेरा (69) का विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी। फरेरा ने ताबड़तोड़ अर्धशतक लगाते हुए रवींद्र जडेजा के साथ छठे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर ली थी। ये साझेदारी तोड़ना सनराइजर्स के लिए बेहद जरूरी था। इसके अलावा साकिब ने जोफ्रा आर्चर और रवि बिश्नोई को शिकार बनाया।

ईशान ने दी उड़ान

पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा के आउट होने के बाद सनराइजर्स के कप्तान इशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन स्टेडियम की लाइट बंद होने के कारण उनकी लय टूट गई और वह शतक से चूक गए, लेकिन हैदराबाद की टीम लगातार दूसरे मैच में 200 से ऊपर का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। आर्चर ने पहली ही गेंद पर अभिषेक को शार्ट बाल पर फंसाया और उन्होंने थर्ड मैन पर खड़े रवि बिश्नोई ने उनका कैच लपका।

अभिषेक इस साल 18 टी-20 पारियों में सातवीं बार शून्य पर आउट हुए। इसके बाद क्रीज पर उतरे इशान ने संभलकर शुरुआत की। पावरप्ले खत्म होते-होते ट्रेविस हेड और इशान ने टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया था। पावरप्ले के अगले ही ओवर में हेड पवेलियन लौट गए, लेकिन ईशान ने एक छोर संभाले रखा और छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। इस सीजन ये उनका दूसरा अर्धशतक है।

उनके बल्ले से तीन पारियों के बाद अर्धशतक निकला, इससे पहले उन्होंने उद्घाटन मैच में आरसीबी के विरुद्ध 80 रन की पारी खेली थी। किशन शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के जड़े और गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी रहे। उनका स्ट्राइक रेट और शाट चयन इस बात का संकेत था कि वह मैच को बड़े स्कोर की दिशा में ले जाने के लिए पूरी तरह तैयार थे।

IPL 2026 Orange Cap: हेनरिक क्लासेन के सिर सजी ऑरेंज कैप

आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप वैभव सूर्यवंशी के सिर से छिन गई है। आरआर बनाम एसआरएच के मैच में 40 रन की पारी खेलने वाले हेनरिक क्लासेन को ऑरेंज कैप मिली, जबकि ईशान किशन नंबर-2 पर आ गए हैं। हेनरिक क्लासेन ने 5 मैच खेलकर कुल 224 रन बना लिए हैं, जिसमें उनके बल्ले से दो बार अर्धशतकीय पारी निकली है, जबकि ईशान के नाम 213 रन है और तीसरे नंबर पर वैभव 200 रन बनाकर मौजूद है।

वहीं, पर्पल कैप गुजरात टाइटंस के प्रसिद्ध कृष्णा के नाम है, जिन्होंने अब तक 4 मैच खेलकर 10 विकेट चटकाए हैं। आरआर के रवि बिश्नोई 9 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img
- Advertisment -spot_img

Most Popular