(अवधनामा संवाददाता-एम शोएब)
कलर कोड के अनुसार बिछाई जा रही हैं चादरें
बदायूॅं। आगामी दिनों में बढ़ने वाली ठंड के मद्देनजर जिला चिकित्सालय प्रशासन ने वार्डों में भर्ती मरीजों को सर्दी से राहत देने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सतीश चंद्र नागर ने बताया कि अस्पताल में मरीजों हेतु कुल 243 बेड उपलब्ध हैं, जिन पर शासन के मानकों के अनुरूप प्रतिदिन कलर कोड के हिसाब से साफ-सुथरी चादरें बिछाई जा रही हैं।उन्होंने यह जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में बढ़ने वाली ठंड के मद्देनजर अस्पताल की मैट्रन तथा चीफ फार्मासिस्ट सतीश वर्मा को सभी वार्डों में हीटर चालू कराने के लिए निर्देशित किया गया है। उन्होंने बताया कि हीटरों के सुरक्षित संचालन के लिए सभी वार्डों की बिजली वायरिंग और स्विच बोर्डों को दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत या शॉर्ट-सर्किट की समस्या न आए। उन्होंने आश्वस्त किया कि काम पूरा होते ही जल्द ही सभी वार्डों में हीटर चालू कर दिए जाएंगे। हालांकि, सीएमएस के इन निर्देशों व तैयारियों के बाद अब यह देखना अहम होगा कि धरातल पर वार्डों में हीटर चलने की शुरुआत कब तक हो पाती है और मरीजों को इसका वास्तविक लाभ कब से मिलना शुरू होता है।
ऑक्सीजन प्लांट का ‘सर्वो’ खराब, सिलेंडरों से हो रही वैकल्पिक आपूर्ति
जिला चिकित्सालय के ऑक्सीजन प्लांट का सर्वो तकनीकी खराबी के चलते बंद पड़ा है। इस संबंध में सीएमएस सतीश चंद्र नागर ने बताया कि अस्पताल के पास ऑक्सीजन सिलेंडरों की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है, जिससे मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा नहीं आ रही है।उन्होंने कहा कि खराब पड़े सर्वो को भी जल्द ही दुरुस्त करा दिया जाएगा।दरअसल, ‘सर्वो’ एक ऐसा महत्वपूर्ण विद्युत उपकरण है, जो ऑक्सीजन प्लांट की भारी मशीनों और सेंसर को स्थिर व नियंत्रित वोल्टेज की बिजली सप्लाई देता है।बिजली वोल्टेज के अप-डाउन होने की स्थिति में सुरक्षा के लिए लिहाज से यह ऑक्सीजन प्लांट को करंट देना रोक देता है जिससे प्लांट की मशीनों का संचालन रुक जाता है और वह सुरक्षित रहती हैं।
Also read


