महराजगंज। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोडवेज बस स्टैंड पर यातायात पुलिस ने एआरएम रोडवेज की मौजूदगी में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान रोडवेज बसों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान बसों में फायर एग्जिट, अग्निशमन यंत्र (फायर सिलेंडर), इमरजेंसी एग्जिट विंडो समेत अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने बस चालकों एवं परिचालकों को निर्देशित किया कि सभी बसों में निर्धारित संख्या में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रहें तथा आपातकालीन निकास व्यवस्था पूरी तरह कार्यशील हो, जिससे किसी भी दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर तीन रोडवेज बसों का चालान किया गया तथा कुल 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे।





