गौरीगंज में बस स्टेशन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया एक महीने के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए
राजामाऊ नहर पटरी की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को धनराशि हस्तांतरित करेगा एन एच आ
मंगलवार की शाम हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डी एम ने अवैध टैक्सी स्टैंडों को बंद करके और अवैध और अपंजीकृत ई-रिक्शा संचालन रोकने के चेकिंग अभियान चलाने के सख्त निर्देश दिए हैं। डी एम ने जिला मुख्यालय पर बस स्टेशन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए किसी भी स्थान पर विद्युत चोरी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए, तथा केवल वैध विद्युत कनेक्शन से ही चार्जिंग की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के लिए निश्चित रूट प्रणाली लागू की जानी चाहिए।
इसके लिए उन्होंने सीओ ट्रैफिक, एआरटीओ और अधिशासी अभियंता (लोनिवि) की तीन सदस्यीय समिति गठित कर जनपद में ई-रिक्शा रूट निर्धारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर क्षेत्रों में अनधिकृत टैक्सी स्टैंडों का संचालन तत्काल बंद कराया जाए। ई-रिक्शा, ऑटो, टैक्सी स्टैंड हेतु भूमि का चिन्हांकन कर छोटे-छोटे पिक एंड ड्रॉप स्टेशन बनाए जाएं ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच और परिवहन सुरक्षा पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में संचालित वाहनों की फिटनेस, कागजात और निर्धारित क्षमता की नियमित जांच की जाए।
यदि किसी विद्यालय द्वारा क्षमता से अधिक छात्रों को वाहन में बैठाया जाता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी स्कूली वाहनों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगे हों। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों व एक्सप्रेसवे पर हो रही दुर्घटनाओं पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रमुख मार्गों पर साइनेज बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, निर्धारित गति सीमा बोर्ड लगाए जाएं तथा अनधिकृत कटों को बंद किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और स्पीड लिमिट के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि एआरटीओ और यातायात विभाग संयुक्त रूप से नियमित जनजागरूकता अभियान चलाएं और लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि शैलेंद्र कुमार व रमेश चंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी, एआरटीओ महेश बाबू गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डी एम की ओर से जारी अन्य प्रमुख निर्देश
- गौरीगंज में बस स्टेशन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शीघ्र पूरा की जाय
- एन एच आई की ओर से संचालित टोल प्लाजा की सूची मंगाकर उनके क्रेन,कटर और पेट्रोलिंग वाहन कहां कहां है,इसकी जानकारी की जाय।
- कलर कोडिंग का व्यापार प्रचार प्रसार करके ई रिक्शा रुट प्रणाली को एक महीने के भीतर लागू किया जाय।
- राजामाऊ नहर पटरी की मरम्मत का काम कराने के लिए एन एच आई लोक निर्माण विभाग को धनराशि का हस्तांतरण यथाशीघ्र सुनिश्चित करे
- मंडियों और बाजारों में खड़े सभी ट्रैक्टर ट्रालियों के बारे में जानकारी करके सभी के पीछे रेफ्लेक्टिव टेप लगवाए जांय।
- डी एम आवास के पास रिपीटेड बार और रम्बल स्ट्रिप बनाए जांय।
- अवैध ई रिक्शा का संचालन रोकने के चेकिंग अभियान चलाया जाय।





