श्रम दिवस के अवसर पर औद्योगिक इकाइयों में लगेंगे स्वास्थ्य शिविर, 30 अप्रैल से 2 मई तक अभियान

0
2170

अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस के अवसर पर जनपद में श्रमिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन 30 अप्रैल से 2 मई तक किया जाएगा। इस दौरान आठ औद्योगिक इकाइयों में निर्माण श्रमिकों, फैक्ट्री वर्करों, घरेलू कामगारों और प्रवासी कर्मकारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की जाएंगी। यह जानकारी सहायक श्रमायुक्त रामलखन पटेल ने दी।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग और श्रम विभाग के समन्वय से यह अभियान संचालित होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 30 अप्रैल को कानपुर प्लास्टिक पैक लिमिटेड (पनकी साइट-1), नववती फूड्स (सचेंडी), पार्थ एग्रोकेम और स्पार्किक एलएलपी (भवानीपुर मंधना) में शिविर लगाए जाएंगे। 1 मई को एएफएस प्लस (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड (पनकी साइट-1), नवेली यूपी पावर लिमिटेड (घाटमपुर) और कात्यायनी इंटरनेशनल (रामा) में शिविर आयोजित होंगे, जबकि 2 मई को डिफेंस कॉरिडोर (साउथ) में श्रमिकों की जांच की जाएगी।

सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि प्रत्येक स्थल पर स्वास्थ्य टीम तैनात रहेगी, जो सामान्य जांच के साथ आवश्यक परामर्श और दवा उपलब्ध कराएगी। ऐसे श्रमिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो नियमित स्वास्थ्य सेवाओं तक नहीं पहुंच पाते हैं। साथ ही कार्यस्थलों पर स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर जागरूकता भी दी जाएगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी शिविर समय से संचालित हों और अधिकतम श्रमिकों को इसका लाभ मिले।

Also read

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here