बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन हरियाणा की ओर से क्लास 10th 12th बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। रेगुलर मोड के छात्र अपने स्कूल में जाकर वहीं प्राइवेट स्टूडेंट्स ऑनलाइन प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने जा रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा आज यानी 16 फरवरी को दोनों ही कक्षाओं के छात्रों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। आपको बता दें कि हरियाणा बोर्ड 12वीं कक्षा की परीक्षाओं का आयोजन 25 फरवरी से लेकर 1 अप्रैल 2026 तक वहीं 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन 26 फरवरी से लेकर 20 मार्च 2026 तक करवाया जायेगा।
रेगुलर मोड के स्टूडेंट्स स्कूल से प्राप्त करें एडमिट कार्ड
बोर्ड एग्जाम में शामिल होने जा रहे स्टूडेंट्स को बता दें कि जो विद्यार्थी रेगुलर मोड में पढ़ रहे हैं वे अपना प्रवेश पत्र अपने स्कूल में जाकर प्रिंसिपल या क्लास टीचर से प्राप्त कर सकते हैं। वे स्वयं ऑनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पाएंगे।
प्राइवेट स्टूडेंट्स वेबसाइट से स्वयं डाउनलोड कर लें एडमिट कार्ड
प्राइवेट माध्यम के छात्र स्वयं ही बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट bseh.org.in पर उपलब्ध करवाए गए डायरेक्ट लिंक से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। आपकी सहूलियत के लिए यहां डायरेक्ट लिंक दिया जा रहा है जिस पर क्लिक करके आप सीधे प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
HBSE Admit Card For Secondary/Sr. Secondary (HOS) Exam Feb./March 2026
सभी डिटेल कर लें चेक
छात्र एडमिट कार्ड प्राप्त करने के बाद उसमें दी गई सभी पर्सनल डिटेल के साथ ही अन्य जानकारी चेक कर लें। अगर इसमें किसी प्रकार की त्रुटि हो तो वे अपने स्कूल में जाकर संपर्क करके उसका समाधान करवा लें। छात्र ध्यान रखें कि एग्जाम के दिन वे प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर जाएं।
एक शिफ्ट में संपन्न होंगी बोर्ड परीक्षाएं
हरियाणा बोर्ड की ओर से सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी दोनों ही कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाओं को एक ही शिफ्ट में आयोजित किया जायेगा। परीक्षा के लिए टाइमिंग दोपहर 12:30 से लेकर अपरान्ह 3:30 तक रहेगी। कुछ पेपर्स को हल करने के लिए ढाई घंटे का समय मिलेगा। इसके लिए टाइमिंग दोपहर 12:30 से लेकर 3 बजे तक रहेगी।





